कोरबा–कटघोरा वन मंडल में हाथियों का उत्पात, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा और कटघोरा वन मंडल में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बालको नगर और करतला रेंज में सक्रिय दर्जनों हाथियों ने कई गांवों में किसानों की खड़ी फसलें रौंद दीं, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।

बालको रेंज में मौजूद करीब 12 हाथियों का दल सरईपाली और सोनगुड़ा गांव के खेतों को नुकसान पहुंचाने के बाद आगे बढ़ गया। वहीं करतला रेंज के हाथी बोड़ाझाप से होते हुए सेंद्रीपाली के जंगल में डेरा डाल चुके हैं, जहां रास्ते भर उन्होंने किसानों की धान फसल को नष्ट कर दिया। वन विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है और रेंजरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज में 53 हाथियों का विशाल झुंड लगातार पचरा जंगल में मूवमेंट कर रहा है। रात के समय यह दल जंगल से निकलकर गांव के आसपास पहुंच जाता है और खेतों को तहस-नहस करने के बाद वापस जंगल लौट जाता है। ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिए रातभर आग जलाकर पहरा दिया और हाथियों को आबादी से दूर खदेड़ने की कोशिश की।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर समय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में हाथियों का गांव के पास होना गंभीर स्थिति है, लेकिन मौके पर विभाग की टीम नजर नहीं आती। हाथियों के हमलों और फसल नुकसान से किसान परिवार चिंतित हैं और गांव में डर का माहौल लगातार बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *