फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर उठे विवाद ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी है। गाने के बोलों को लेकर लोगों ने नाराजगी जाहिर की, वहीं अभिनेत्री नोरा फतेही को लेकर भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। अब इस पूरे मामले पर फिल्म के निर्देशक प्रेम ने खुलकर अपनी बात रखी है।
“विवाद खड़ा करने का कोई इरादा नहीं” – निर्देशक प्रेम
कुछ लोगों का मानना है कि यह विवाद फिल्म के प्रमोशन का हिस्सा हो सकता है, लेकिन निर्देशक प्रेम ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि फिल्म एक भावनात्मक कहानी पर आधारित है और गाना केवल मनोरंजन व पार्टी माहौल के लिए बनाया गया था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह किसी भी तरह का विवाद पैदा करने में विश्वास नहीं रखते।
भाषा को लेकर दी सफाई
निर्देशक प्रेम ने बताया कि गाने का मूल संस्करण कन्नड़ भाषा में लिखा गया था, जबकि हिंदी रूपांतरण गीतकार रकीब आलम ने किया। उन्होंने स्वीकार किया कि हिंदी भाषा में उनकी पकड़ सीमित है, जिसके चलते कुछ शब्दों के अर्थ और प्रभाव को लेकर गलतफहमी हो सकती है। प्रेम के अनुसार, गाने में इस्तेमाल हुई भाषा उनके ग्रामीण परिवेश में आम बातचीत का हिस्सा है।
निर्माताओं ने बदले विवादित बोल
विवाद बढ़ने के बाद फिल्म के निर्माताओं ने तुरंत कदम उठाते हुए गाने के कुछ शब्दों में बदलाव किया है। संशोधित वर्जन को अब सेंसर बोर्ड के पास भेजा जाएगा। निर्माताओं ने यह भी कहा कि अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उन्हें इसका खेद है और यह मुद्दा जरूरत से ज्यादा बढ़ा दिया गया।
फिल्म की रिलीज डेट और स्टारकास्ट
‘केडी: द डेविल’ एक पैन-इंडिया एक्शन ड्रामा फिल्म है, जो 1970 के दशक के बैंगलोर की घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म में ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी और नोरा फतेही भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। यह फिल्म 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।