कबीरधाम की महिलाओं ने तैयार किया हर्बल गुलाल, होली पर बढ़ेगी मांग

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों ने होली पर्व के लिए हर्बल गुलाल का निर्माण किया है। जनपद पंचायत बोडला के ग्राम राजा नवागांव स्थित जय गंगा मैया स्वयं सहायता समूह की 10 महिलाओं ने इस मौसमी व्यवसाय के माध्यम से आय के नए अवसर विकसित किए हैं।

समूह द्वारा तैयार किए गए लाल, गुलाबी, पीले सहित विभिन्न रंगों के हर्बल गुलाल प्राकृतिक सुगंध और सुरक्षित सामग्री से निर्मित हैं। उत्पाद पूरी तरह प्राकृतिक है तथा बाजार में उपलब्ध रासायनिक रंगों की तुलना में किफायती बताया गया है।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जानकारी दी कि जिले में प्रत्येक वर्ष महिला समूहों द्वारा हर्बल गुलाल तैयार कर कलेक्टोरेट, जनपद पंचायत कार्यालयों और अन्य स्थानों पर स्टॉल लगाकर बिक्री की जाती है। आकर्षक पैकेजिंग के कारण यह उपहार के रूप में भी लोकप्रिय हो रहा है।

सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल के अनुसार, इस गतिविधि से प्रत्येक समूह को औसतन 50 से 60 हजार रुपये तक का लाभ प्राप्त होता है। मैदानी कर्मचारियों द्वारा समूहों को मौसमी उद्यम से जोड़ने और कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *