छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रजत बंसल को नई अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव के साथ-साथ राज्य का जनसंपर्क आयुक्त और ‘संवाद’ का सीईओ नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
सरकार ने उन्हें कई महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी दिया है, जिसमें भौमिकी एवं खनिकर्म विभाग के संचालक और छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी शामिल है। इस फैसले से प्रशासनिक ढांचे में उनकी भूमिका और अधिक मजबूत हो गई है।
कौन हैं रजत बंसल?
रजत बंसल मूल रूप से हरियाणा के निवासी हैं और उनका जन्म 25 जुलाई 1988 को हुआ था। उन्होंने शुरुआती शिक्षा La Martiniere College और DPS RK Puram से प्राप्त की, जहां वे शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट रहे। इसके बाद उन्होंने BITS Pilani से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रशिक्षण हासिल किया।
इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने Infosys में काम किया, लेकिन उनका लक्ष्य सिविल सेवा में जाना था। उन्होंने पहले प्रयास में यूपीएससी में सफलता हासिल कर आईपीएस बने और पश्चिम बंगाल कैडर मिला। इसके बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने बेहतर रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना पूरा किया।
प्रशासनिक सफर
रजत बंसल ने 3 सितंबर 2012 को अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत की। उनकी पहली पोस्टिंग रायगढ़ में सहायक कलेक्टर के रूप में हुई। इसके बाद उन्होंने राजनांदगांव में एसडीएम और जिला पंचायत सीईओ के रूप में काम किया। सूरजपुर में भी उन्होंने महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाईं।
वे रायपुर नगर निगम के कमिश्नर रहे और धमतरी, बस्तर तथा बलौदाबाजार-भाटापारा जैसे जिलों में कलेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे वाणिज्य कर आयुक्त और प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
नई जिम्मेदारियों के साथ, उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे छत्तीसगढ़ में जनसंपर्क तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाएंगे और शासन-प्रशासन के कार्यों को जनता तक बेहतर तरीके से पहुंचाएंगे।