मुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब के होली मिलन समारोह में किया बड़ा ऐलान

रायपुर प्रेस क्लब में मुख्यमंत्री ने किया बड़ा ऐलान, पत्रकारों के लिए 2 करोड़ रुपये की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है। इस अवसर पर उन्होंने प्रेस क्लब के होली विशेषांक ‘सेंसलेस टाइम्स’ का विमोचन किया।

पत्रकारों के लिए 2 करोड़ रुपये की सौगात

मुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की, जिससे प्रेस क्लब भवन का रिनोवेशन और विस्तार किया जाएगा। साथ ही, पत्रकारों के एक्सपोजर विजिट के लिए भी 1 करोड़ रुपये का अलग बजट प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बजाया नगाड़ा, रंगों में सराबोर हुआ प्रेस क्लब

रायपुर प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अनूठे अंदाज में भिंडी की माला पहनाकर स्वागत किया। होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री ने नगाड़ा बजाकर होली उत्सव का जोश दोगुना कर दिया, जिससे पूरा माहौल उल्लासमय हो गया। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर मुख्यमंत्री भी पत्रकारों के साथ फाग गीतों और होली की मस्ती में झूमते नजर आए।

वरिष्ठ पत्रकारों की सम्मान निधि में वृद्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक पत्रकारिता में योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े, इसलिए उनकी सम्मान निधि को 10,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है।

महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला पत्रकारों के सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे समाज में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला पत्रकारिता में चुनौतियाँ अधिक हैं, लेकिन उनका संकल्प भी उतना ही मजबूत है।

लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में पत्रकारों की भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के प्रहरी होते हैं और उनके लिए इस तरह के सांस्कृतिक समारोह जरूरी हैं, जिससे कार्य के दबाव से अलग हटकर आपसी सौहार्द को बढ़ावा मिले। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब की इस परंपरा को जारी रखने पर जोर दिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक अनुज शर्मा, विधायक सुनील सोनी, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, अमित चिमनानी, अनुराग अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *