जिला प्रशासन ने गणेश विसर्जन और ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शांति समिति की बैठक में डीजे और पटाखों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्णय हुआ। बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे और एएसपी लखन पटले ने समाज प्रमुखों से अपील की कि लोग उत्साहपूर्वक त्योहार मनाएं लेकिन भाईचारे और शांति का ध्यान रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परंपराओं का सम्मान करते हुए नियमों का पालन करना आवश्यक है।
पुलिस ने कहा कि जुलूस में समय का विशेष ध्यान रखा जाएगा और डीजे- पटाखों पर पूरी तरह रोक रहेगी। यातायात व्यवस्था के लिए रूट तय किए गए हैं। त्योहारों में हुड़दंग करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मोहल्लों और कॉलोनियों में भी शांति समिति की बैठकें आयोजित करें।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद को सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।