बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का निधन, अंतिम विदाई में पहुंचे स्टार्स

भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता और बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का आज सोमवार को निधन हो गया। उनके जाने की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसकों में गहरा शोक फैल गया है। धर्मेंद्र की अंतिम यात्रा में बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकार शामिल हुए और उन्हें नम आंखों से विदाई दी।

धर्मेंद्र के निधन की पुष्टि फिल्ममेकर करण जौहर ने एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की। उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र एक ऐसा सितारा थे जिन्होंने हिंदी सिनेमा को नया आयाम दिया। उनकी करिश्माई स्क्रीन प्रेज़ेंस और सादगी ने उन्हें हर दिल का चहेता बनाया। करण जौहर ने कहा कि यह “एक युग का अंत” है और इंडस्ट्री में ऐसा खालीपन पैदा हो गया है जिसे कभी भरा नहीं जा सकता।

सुबह से ही अभिनेता के घर के बाहर हलचल बढ़ गई थी। उनकी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल श्मशान घाट के बाहर नजर आईं। इसी बीच घर के बाहर एक एंबुलेंस भी पहुंची, जिसके बाद क्षेत्र में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई और लगभग 50 मीटर तक बैरिकेडिंग कर दी गई। अभी तक परिवार द्वारा धर्मेंद्र के निधन पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

धर्मेंद्र का अचानक जाना भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है। दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले इस महान कलाकार की यादें हमेशा जीवित रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *