रायपुर: बोर्ड परीक्षा के महत्वपूर्ण दौर में प्रदेश के छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मीय संदेश जारी किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को “ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों” कहते हुए भरोसा दिलाया कि पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा जीवन का अहम पड़ाव है। इस समय उत्साह और हल्का तनाव दोनों स्वाभाविक हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। यदि मन में डर है, तो इसका अर्थ है कि आप अपने भविष्य को लेकर गंभीर हैं। यह डर कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे नियमित अध्ययन करें, कठिन विषयों का बार-बार अभ्यास करें और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। पर्याप्त नींद, संतुलित और पौष्टिक भोजन, साथ ही मोबाइल से दूरी बनाकर लक्ष्य पर फोकस करने की भी उन्होंने अपील की।
सीएम ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने परिवार तथा राज्य का नाम रोशन करेंगे। उनका संदेश छात्रों के लिए प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला साबित हो रहा है।