CG: युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 100% प्लेसमेंट

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए द्वार खुल गए हैं। हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भविष्य बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए नया रायपुर स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (SIHM) ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के अधीन संचालित यह संस्थान अपने 100 प्रतिशत प्लेसमेंट रिकॉर्ड के लिए जाना जाता है।

यह संस्थान राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं खानपान प्रौद्योगिकी परिषद (NCHMCT) से संबद्ध है, जहां से पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रों को ओबेरॉय, ताज, हयात, मैरियट जैसे देश के प्रतिष्ठित होटल समूहों में काम करने का अवसर मिल रहा है। SIHM रायपुर में तीन वर्षीय पूर्णकालिक बीएससी हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन कोर्स के लिए कुल 80 सीटों पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

संस्थान में डिग्री कोर्स के साथ-साथ डेढ़ वर्ष के डिप्लोमा और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इनमें फूड प्रोडक्शन, बेकरी, हाउसकीपिंग और एफ एंड बी सर्विस जैसे कोर्स शामिल हैं। डिप्लोमा कोर्स पूरा करने के बाद ही छात्रों को फाइव स्टार होटलों में रोजगार मिलने लगता है, जबकि डिग्री कोर्स के दौरान ही 15 से 25 हजार रुपये तक का स्टाइपेंड भी दिया जाता है।

NCHM JEE 2026 के जरिए होगा प्रवेश
SIHM रायपुर में प्रवेश नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (NCHM JEE 2026) के माध्यम से होगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी exams.nta.nic.in/nchm-jee वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 जनवरी 2026 तय की गई है।

यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा 120 अंकों की होगी, जिसमें इंग्लिश, न्यूमेरिकल एबिलिटी, लॉजिकल रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स और सर्विस सेक्टर एप्टीट्यूड से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। 12वीं पास या 12वीं में अध्ययनरत छात्र आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते अंग्रेजी विषय अनिवार्य हो। आयु सीमा को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं है। परीक्षा 25 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी और परिणाम मई 2026 में जारी होने की संभावना है।

आधुनिक सुविधाएं और इंडस्ट्री ओरिएंटेड पढ़ाई
आईएचएम रायपुर में अत्याधुनिक फूड प्रोडक्शन, बेकरी और एफ एंड बी सर्विस लैब, हाउसकीपिंग प्रैक्टिकल लैब, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, खेल सुविधाएं और अलग-अलग छात्रावास उपलब्ध हैं। यहां का पाठ्यक्रम पूरी तरह इंडस्ट्री ओरिएंटेड है, जिससे छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलता है।

प्लेसमेंट में राष्ट्रीय पहचान
आईएचएम रायपुर ने कम समय में ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना ली है। यहां से प्रशिक्षित छात्र ओबेरॉय होटल्स, ताज ग्रुप, मैरियट, हयात, फेयरमोंट, रिलायंस रिटेल, बर्गर किंग, डोमिनोज और हल्दीराम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित हुए हैं। इसके अलावा संस्थान ने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।

हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में करियर बनाने के इच्छुक छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए यह अवसर न केवल रोजगार की गारंटी देता है, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी दिलाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *