भिलाई की अस्मी खरे को मिला राष्ट्रपति भवन का न्योता, ‘एट होम रिसेप्शन’ में होंगी शामिल.

भिलाई की अस्मी खरे को देश की सबसे प्रतिष्ठित जगहों में से एक राष्ट्रपति भवन से स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित ‘एट होम रिसेप्शन’ में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। यह सम्मान उन्हें दिसंबर 2024 में स्मार्ट इंडिया हैकाथन के फाइनल में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मिला है।

अस्मी ने NIT श्रीनगर में आयोजित हैकाथन के फाइनल में गेल इंडिया द्वारा प्रस्तुत समस्या का समाधान अपनी टीम ‘कोडिंग विजार्ड’ के साथ मिलकर किया। उन्होंने एक ऐसा मोबाइल ऐप तैयार किया, जो जिओ लोकेशन बेस्ड अटेंडेंस को स्वचालित रूप से रिकॉर्ड करता है।

ऐप में ऑफलाइन अटेंडेंस, ऑफ-साइट वर्क रिकॉर्डिंग, और इमरजेंसी रिपोर्टिंग जैसे कई फीचर्स शामिल किए गए हैं। इस नवाचार के दम पर उनकी टीम ने हैकाथन में जीत हासिल की और अब अस्मी को राष्ट्रपति भवन में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है।

अस्मी ने इस सम्मान को अपनी टीम की मेहनत का फल बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से मिलने और देशभर के अन्य प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से बातचीत करने का अवसर मिलना बहुत सम्मान की बात है।

उनके माता-पिता अनिल और स्मिता खरे ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बेटी की इस उपलब्धि ने पूरे परिवार को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा कुछ ऐसा करे जिससे पूरे समाज को गर्व हो।

अस्मी वर्तमान में BIT भिलाई में कंप्यूटर साइंस की अंतिम वर्ष की छात्रा हैं और तालपुरी की निवासी हैं। उनके पिता पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। अस्मी का छोटा भाई अस्मित रायपुर में बीटेक कर रहा है।

राष्ट्रपति भवन में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाला यह रिसेप्शन उन युवाओं को सम्मानित करता है जिन्होंने देश के किसी क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि हासिल की है। अस्मी खरे का इसमें शामिल होना न केवल भिलाई, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *