आरंग में चोरों का कहर, 5 दुकानों के ताले टूटे, CCTV में कैद हुए नकाबपोश.

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आउटर इलाके आरंग में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। आरंग थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास स्थित 5 दुकानों के ताले एक के बाद एक तोड़े गए, जिससे पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया है।

घटना नेशनल हाईवे 53 से सटे लखौली गांव की है, जहां देर रात करीब 12:38 बजे, 7 नकाबपोश चोरों ने रीवा रोड स्थित वीके सोनी ज्वेलर्स सहित पांच दुकानों में सेंध लगाई।

CCTV फुटेज में ये सभी आरोपी स्पष्ट रूप से कैद हुए हैं। सभी के चेहरे ढंके हुए हैं और वे सुनियोजित ढंग से ताले तोड़ते व सामान चुराते नजर आ रहे हैं। पुलिस को शक है कि इस वारदात को स्थानीय गिरोह ने अंजाम दिया है।

जैसे ही घटना की सूचना मिली, आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चोरी गए सामानों का आंकलन किया जा रहा है। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज को खंगालना भी शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है। लोग रात्रिकालीन सुरक्षा को लेकर असंतुष्ट हैं और उन्होंने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *