केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर क्षेत्र में भारतीय तटरक्षक (ICG) के हेलिकॉप्टर की कम ऊंचाई पर उड़ान ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद मामला अब हाईकोर्ट तक पहुंच गया है, जहां जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जा चुकी है और विस्तृत जांच जारी है।
घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है, जब हेलिकॉप्टर मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों के ऊपर बेहद कम ऊंचाई पर उड़ता देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलिकॉप्टर कई इमारतों की छतों के काफी करीब से गुजरा, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया और संभावित नुकसान की आशंका भी जताई गई।
इस पूरे मामले में एडीजीपी एस. श्रीजीत ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट विशेष आयुक्त को सौंप दी है, जिन्हें केरल हाईकोर्ट ने नियुक्त किया है। रिपोर्ट में घटना की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की सिफारिश की गई है।
भारतीय तटरक्षक की ओर से सफाई दी गई है कि खराब मौसम और घने बादलों के कारण हेलिकॉप्टर अपने तय मार्ग से भटक गया था और पंबा पहाड़ियों के ऊपर से गुजरना पड़ा। हालांकि, सवाल इस बात पर उठ रहे हैं कि इतनी संवेदनशील और विशेष सुरक्षा क्षेत्र घोषित जगह पर उड़ान के दौरान प्रशासन को इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई।
पथनमथिट्टा जिले के पुलिस प्रमुख को इस मामले की जांच सौंपी गई है। वहीं, पांबा पुलिस ने केरल पुलिस अधिनियम की धारा 118(e) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी को आरोपी नहीं बनाया गया है, लेकिन जांच के बाद जिम्मेदारी तय होने की संभावना है।
हाईकोर्ट इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और आने वाले दिनों में विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाएगी, जिससे इस सुरक्षा चूक की असल वजह सामने आ सके।