छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को जिले को 166 करोड़ रुपए की बहुप्रतीक्षित विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चौथा चरण) एवं पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 55 नई सड़कों और 12 वृहद पुलों का वर्चुअल माध्यम से भूमिपूजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम कवर्धा स्थित आचार्य पंथ श्री हकनाम साहेब बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित किया जाएगा, जहां से मुख्यमंत्री ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ करेंगे और आमजन को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे, जबकि सांसद संतोष पांडेय और पंडरिया विधायक भावना बोहरा सहित कई जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से कबीरधाम के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा में व्यापक सुधार होगा। साथ ही, यह परियोजनाएं शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेंगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार का यह कदम ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के साथ ही क्षेत्रीय असंतुलन को कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।