छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र के नर्मदापुर में 18 दिवसीय सोलर आधारित कौशल उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 10 मार्च से किया गया है। यह प्रशिक्षण भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और इच्छुक प्रतिभागियों को सौर ऊर्जा से जुड़े तकनीकी कौशल, उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में आवश्यक जानकारी प्रदान करना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सोलर पैनल की स्थापना, रखरखाव, सौर उपकरणों का उपयोग, व्यवसाय की योजना बनाना, विपणन कौशल और वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार इस तरह के कौशल आधारित कार्यक्रम युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर नए रोजगार के अवसर भी सृजित करेंगे और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देंगे।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान से हिमांशु कुमार, रजनीश मिश्रा, सत्यनारायण भगत, प्रीति तिवारी, रूपाली प्रजापति और विवेक सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा आईटीआई कॉलेज के प्राचार्य रोहित कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।