रायपुर में 2.30 लाख का संदिग्ध शहद जब्त, 37 कंटेनर लेकर पहुंची महिला

होली पर्व के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रायपुर बस स्टैंड से बड़ी मात्रा में शहद जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर 37 कंटेनरों में लाया गया लगभग साढ़े पांच सौ लीटर शहद जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2.30 लाख रुपए आंकी गई है।

टीम को सूचना मिली थी कि एक महिला भारी मात्रा में कंटेनर लेकर बस से उतरी है। पूछताछ में महिला ने स्वयं को बिहार के हजारीबाग की निवासी बताया और शहद बेचने के उद्देश्य से रायपुर आने की जानकारी दी। संदेह के आधार पर शहद के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।

इसके अतिरिक्त त्योहार को देखते हुए बाजार से मिठाई, खोवा, पेड़ा, काजू कतली, बेसन लड्डू और अन्य खाद्य पदार्थों के 20 से अधिक विधिक नमूने लिए गए हैं। चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा 94 नमूनों की मौके पर जांच की गई, जिनमें 87 मानक, 5 अमानक और 2 मिथ्याछाप पाए गए।

अभियान के दौरान पान दुकानों से प्रतिबंधित गुटखा भी जब्त किया गया। विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *