जशपुर को बजट में बड़ी सौगातें, शिक्षा से उद्योग तक घोषणाएं

छत्तीसगढ़ विधानसभा में पारित वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में जशपुर जिले को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक विकास योजनाओं की सौगात दी गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने इसे संतुलित और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

बजट में जशपुर के सरकारी कॉलेज में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का प्रावधान किया गया है, जिससे उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। तकनीकी शिक्षा को सशक्त करने के लिए जिले में सीजीआईटी संस्थान खोलने तथा बागबहार में नए कॉलेज भवन के निर्माण की स्वीकृति दी गई है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे योजना को प्रोत्साहित किया गया है। ईब नदी के तट पर स्थित कोतेबिरा शिव धाम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रावधान भी शामिल है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में कुनकुरी सहित मेडिकल कॉलेजों के संचालन हेतु विशेष वित्तीय प्रावधान किया गया है। जशपुर में जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। अधोसंरचना के तहत आगडीह से नीमगांव तक सड़क निर्माण तथा पंमशाला एनीकट में लिफ्ट सिंचाई व्यवस्था लागू की जाएगी।

औद्योगिक विकास के अंतर्गत पत्थलगांव के बनगांव बी में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित होगा तथा कुनकुरी के ग्राम गोरिया में ग्लेजिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। साथ ही खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए जशपुर में तीरंदाजी अकादमी खोली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *