नई दिल्ली में आयोजित हो रहे एआई इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अपनी भूमिका को मजबूत करने की दिशा में प्रयासरत है।
सुंदर पिचाई 20 फरवरी को समिट में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधन देंगे। भारत आगमन पर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा संदेश में सम्मेलन में भागीदारी को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली स्थित Bharat Mandapam में किया जा रहा है। सम्मेलन में 110 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, लगभग 30 अंतरराष्ट्रीय संगठन, 20 राष्ट्राध्यक्ष या शासन प्रमुख स्तर के प्रतिनिधि और करीब 45 मंत्री शामिल हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एआई को भारत के आईटी क्षेत्र के लिए अवसर और चुनौती दोनों बताया। उनके अनुसार, एआई आधारित सेवाओं और ऑटोमेशन से 2030 तक भारत का आईटी सेक्टर 400 अरब डॉलर के स्तर तक पहुंच सकता है।
‘पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस’ थीम पर आधारित यह सम्मेलन एआई फॉर ह्यूमैनिटी के सिद्धांत के अनुरूप मानव-केंद्रित और समावेशी तकनीकी विकास पर केंद्रित है।