Delhi Accident: रील के जुनून में नाबालिग ने ली युवक की जान

देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में 3 फरवरी को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने बाइक सवार 23 वर्षीय साहिल धनेश्रा को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दिल्ली पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11:57 बजे हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी से जा टकराई। हादसे में टैक्सी चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो चला रहा चालक 17 वर्षीय नाबालिग था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, लेकिन उसे बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर अंतरिम जमानत मिल गई है।

रील बनाने के दौरान स्टंट का आरोप

मृतक की मां इन्ना माकन ने आरोप लगाया कि आरोपी तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था और उसकी बहन साथ में बैठकर रील बना रही थी। उनका कहना है कि वाहन गलत लेन में चलाया जा रहा था और बस के सामने स्टंट करने की कोशिश की गई, जिसके दौरान साहिल की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी गई।

परिवार का दावा है कि संबंधित स्कॉर्पियो पर पहले से ओवरस्पीडिंग के 13 चालान दर्ज थे, जिससे लापरवाही का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मां ने लगाई इंसाफ की गुहार

इन्ना माकन, जिन्होंने साहिल को एक सिंगल मदर के रूप में पाला, अब अपने बेटे के लिए न्याय की मांग कर रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की अपील की है। उनका कहना है कि यह महज दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का परिणाम है।

यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और सोशल मीडिया रील्स के खतरनाक ट्रेंड पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *