राज्यपाल के गोद ग्राम टेमरी के विद्यार्थियों का लोकभवन भ्रमण

राज्यपाल श्री रमेन डेका की पहल पर लोकभवन की कार्यप्रणाली से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में बेमेतरा जिले के गोद ग्राम टेमरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 50 छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के साथ लोकभवन का भ्रमण किया और राज्यपाल से प्रत्यक्ष संवाद किया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लोकभवन परिसर स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी उद्यान एवं सचिवालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। इसके पश्चात वे कॉन्फ्रेंस हॉल पहुंचे, जहाँ उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने राज्यपाल से जीवन, शिक्षा और करियर से जुड़े कई जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे। राज्यपाल ने सरल, सहज और प्रेरणादायक शैली में उत्तर देते हुए लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, धैर्य और निरंतर मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास और सेवा भाव की परंपरा की सराहना करते हुए छात्रों को इस विरासत पर गर्व करने का संदेश दिया।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से उनके विद्यालय की सुविधाओं के संबंध में जानकारी भी ली। छात्रों ने खेल मैदान, पुस्तकालय, आधुनिक प्रयोगशाला और गणित शिक्षक की आवश्यकता बताई, जिस पर राज्यपाल ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि स्कूली जीवन सबसे महत्वपूर्ण और आनंदमय समय होता है। यदि इस दौर में मजबूत नींव रखी जाए तो भविष्य निश्चित रूप से उज्ज्वल होता है। कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने विद्यार्थियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधारोपण कर नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *