रायपुर में मैच आयोजन को लेकर RCB ने CM विष्णुदेव साय को दिया आमंत्रण

छत्तीसगढ़ में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैचों के आयोजन की संभावनाएं अब और मजबूत होती नजर आ रही हैं। राजधानी रायपुर में प्रस्तावित IPL मुकाबले को लेकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को टीम की आधिकारिक जर्सी भेंट कर औपचारिक आमंत्रण दिया है। यह पहल राज्य में क्रिकेट और खेल संस्कृति को नई ऊंचाई देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

इस अवसर पर RCB के वाइस प्रेसिडेंट राजेश मेनन और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया भी उपस्थित रहे। जर्सी भेंट के साथ ही RCB प्रबंधन ने रायपुर को IPL होस्ट करने के लिए उपयुक्त स्थान बताते हुए अपनी मंशा स्पष्ट की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों से प्रदेश के युवाओं में खेल के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धा की भावना को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल आधुनिक खेल अधोसंरचना का विकास होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को देश के खेल मानचित्र पर भी नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खेलों और युवा प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। रायपुर में IPL मैचों का आयोजन छत्तीसगढ़ को एक उभरते हुए स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित कर सकता है। इससे खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों को बड़े मंच का अनुभव मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *