CG: बेमेतरा में 12,339 मतदाता संदेह के घेरे में

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम संदिग्ध श्रेणी में पाए गए हैं। निर्वाचन आयोग को मिली जानकारी के अनुसार जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 12,339 मतदाताओं को दस्तावेज सत्यापन के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

ये सभी मतदाता सर्वेक्षण के दौरान “नो-मैपिंग” श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं, जिनके परिवारजनों का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं पाया गया। ऐसे मतदाताओं को अपनी पात्रता साबित करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आवश्यक दस्तावेजों के साथ नियत तिथि, समय और स्थान पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) के समक्ष उपस्थित होकर सुनवाई में भाग लेना अनिवार्य होगा।

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो साजा विधानसभा क्षेत्र में 2,808, बेमेतरा में 3,715 और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5,816 मतदाता इस श्रेणी में शामिल हैं। इन मतदाताओं द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में स्वयं अथवा माता-पिता का नाम दर्ज होने से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए हैं।

गौरतलब है कि बेमेतरा जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 8,01,756 मतदाता पंजीकृत थे। बीएलओ द्वारा कराए गए घर-घर सर्वे और मतदाताओं से प्राप्त गणना पत्रकों के परीक्षण के बाद 7,16,635 मतदाताओं के नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। शेष मतदाताओं की पात्रता अब दस्तावेजी जांच और सुनवाई के बाद तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *