CG: बिलासा एयरपोर्ट रनवे विस्तार को मिलेगी रफ्तार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित चकरभाठा बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट के रनवे विस्तार का कार्य अब तेज गति से आगे बढ़ेगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने रक्षा मंत्रालय से संबंधित 290 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 50 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि जमा कर दी है। भूमि से जुड़ी औपचारिकताएं अब अंतिम चरण में हैं, जिससे निर्माण कार्य को शीघ्र गति मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हवाई संपर्क का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। नए एयरपोर्ट के निर्माण और मौजूदा एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है। बिलासपुर एयरपोर्ट का विकास कार्य भी इसी दिशा में शुरू हुआ था, जो अब और अधिक रफ्तार पकड़ेगा।

रनवे विस्तार के बाद बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर हवाई सेवाओं का लाभ मिलेगा, साथ ही व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। अरुण साव ने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी गरीबों और गांवों के हित में योजनाएं लागू की जाती हैं, कांग्रेस उनका विरोध करती है। उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए बनाए गए कानूनों से पारदर्शिता बढ़ी है, जिससे आम जनता को लाभ मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *