शिवरीनारायण को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक-मुक्त बनाने की शुरुआत

माता शबरी की पावन नगरी शिवरीनारायण को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक-मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा एवं नगर पंचायत शिवरीनारायण द्वारा “शबरी कार सेवा” जनआंदोलन का शुभारंभ किया गया। इस अभियान की शुरुआत स्वच्छता सेनानी अभियान के अंतर्गत नदी-तट संरक्षण, सामूहिक श्रमदान और जन-जागरूकता कार्यक्रम के साथ की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा कि शिवरीनारायण केवल एक नगर नहीं, बल्कि आस्था, इतिहास और संस्कृति की पहचान है। तीन नदियों के संगम से जुड़ी इस धार्मिक नगरी को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शबरी कार सेवा एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला जनसहभागिता आधारित प्रयास है।

कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे पूरे नगर को अपने घर की तरह मानते हुए स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं। घर-घर कचरा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण और शत-प्रतिशत निस्तारण इस अभियान के प्रमुख लक्ष्य हैं। साथ ही, बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।

अभियान के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, डस्टबिन-फ्री बाजार, घाटों के सौंदर्यीकरण, नदी-तट प्रबंधन और नाव संचालन जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। इससे न केवल स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठन, स्व-सहायता समूह, महिलाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि “शिवरीनारायण हमारा घर है और इसे स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *