बांग्लादेश लिंचिंग केस: ईशनिंदा का कोई प्रमाण नहीं

बांग्लादेश में मॉब लिंचिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना को लेकर चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। ईशनिंदा के आरोप में पीट-पीटकर मार दिए गए हिंदू युवक दीपू चंद्र दास के खिलाफ जांच में कोई भी ठोस सबूत नहीं मिला है। अधिकारियों का कहना है कि न तो दीपू द्वारा इस्लाम विरोधी टिप्पणी किए जाने के प्रमाण मिले हैं और न ही कोई ऐसा गवाह सामने आया है जिसने ऐसा कुछ सुना हो।

यह घटना बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले के भालुका इलाके की है, जहां एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करने वाले दीपू चंद्र दास को उग्र भीड़ ने बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला था। इसके बाद उनके शव को आग के हवाले कर दिया गया और मौके पर नारेबाजी भी की गई। इस बर्बर घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता पैदा की।

बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि दीपू पर लगाए गए ईशनिंदा के आरोप पूरी तरह अफवाह पर आधारित थे। किसी भी व्यक्ति ने यह पुष्टि नहीं की कि दीपू ने इस्लाम के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, फैक्ट्री में एक अफवाह फैली कि दीपू ने धर्म को लेकर आपत्तिजनक बातें कही हैं। इससे कुछ कर्मचारी नाराज हो गए और उन्होंने दीपू को नौकरी से निकालने की मांग शुरू कर दी। देखते ही देखते फैक्ट्री के बाहर भीड़ इकट्ठा हो गई। फैक्ट्री प्रबंधन ने शुरुआत में दीपू को सिक्योरिटी रूम में सुरक्षित रखने की कोशिश की, लेकिन समय पर पुलिस नहीं पहुंची, जिससे हालात बिगड़ते चले गए।

फैक्ट्री के एक अधिकारी ने बताया कि भीड़ लगातार दीपू को उनके हवाले करने का दबाव बना रही थी। हालात काबू से बाहर होने पर प्रबंधन ने परिसर की सुरक्षा के लिए दीपू को भीड़ के हवाले कर दिया। इसके बाद उग्र भीड़ ने उनकी निर्मम हत्या कर दी।

इस मामले में बांग्लादेश पुलिस ने अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है। घटना की कड़ी निंदा करते हुए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने कहा कि “नए बांग्लादेश में ऐसी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। इस जघन्य अपराध के दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि अफवाहों और धार्मिक आरोपों के आधार पर होने वाली हिंसा किस तरह निर्दोष लोगों की जान ले रही है और कानून-व्यवस्था की त्वरित प्रतिक्रिया कितनी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *