आंध्र तट से आज टकराएगा चक्रवाती तूफान मोंथा, तीन राज्यों में रेड अलर्ट जारी

नई दिल्ली: मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि चक्रवाती तूफान मोंथा (Cyclone Maantha) आज रात आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट से टकराने की संभावना है। इस तूफान के चलते आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, मोंथा फिलहाल पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है और गोपालपुर से लगभग 550 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में स्थित है। यह तूफान अब एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो चुका है और तेजी से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।

तीन राज्यों में अलर्ट और तैयारियां तेज

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा, मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच यह तूफान आज रात तक तट से टकरा सकता है।
ओडिशा के गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट, मलकानगिरी, नबरंगपुर और कालाहांडी जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
वहीं तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लूर, रानीपेट और कांचीपुरम में सोमवार को भारी बारिश हुई, जिसके बाद कई स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

लोगों को घरों में रहने की सलाह

मौसम विभाग ने आम जनता को सतर्क रहने और घर के अंदर सुरक्षित रहने की सलाह दी है।
एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की लगभग 140 टीमें प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा चुका है।

स्कूलों में छुट्टी और राहत उपाय

प्रभावित जिलों में सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 अक्टूबर तक छुट्टी की घोषणा की गई है। स्थानीय प्रशासन ने राहत शिविर और आपात नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए हैं ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।

तूफान मोंथा का असर पूरे तटीय क्षेत्र पर

तूफान के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं, जिससे मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और आगे के अपडेट जारी करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *