छत्तीसगढ़ में मंगलवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। राजधानी में आधे घंटे तक हुई तेज बारिश ने माहौल ठंडा कर दिया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि ओडिशा तट से लगे बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले तीन दिन प्रदेश में लगातार बारिश देखने को मिलेगी। इस दौरान बुधवार को दक्षिण छत्तीसगढ़, गुरुवार को मध्य क्षेत्र और शुक्रवार को उत्तरी हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव में मेघगर्जन, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। यहां ऑरेंज और यलो अलर्ट लागू किया गया है।लालपुर स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि केवल मंगलवार को रायपुर में 24.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बस्तर क्षेत्र के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई है।
इस वर्ष मानसून सीजन में अब तक राज्य में कुल 852 मिमी वर्षा हो चुकी है। यह सामान्य से मात्र तीन प्रतिशत कम है। हालांकि, सरगुजा, महासमुंद और बेमेतरा जैसे जिलों में बारिश औसत से कम दर्ज हुई है। मौसम विभाग का मानना है कि यह सिस्टम अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहेगा, जिससे प्रदेश में एक बार फिर जोरदार बारिश होगी।