रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का असर तेज हो गया है। राजधानी रायपुर समेत आसपास के इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। बुधवार रात हुई तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, बस्तर और दंतेवाड़ा जैसे जिलों में भारी बारिश हो सकती है। साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
रात की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई जगह जलभराव की स्थिति भी पैदा हुई। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निचली बस्तियों में पानी भरने की शिकायतें सामने आईं।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर बिजली गिरने और आंधी-तूफान के समय खुले स्थानों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।