सरगुजा में 30 हाथियों का दल सक्रिय, ग्रामीणों में दहशत का माहौल.

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुंड्रा क्षेत्र में इन दिनों 30 हाथियों का विशाल दल सक्रिय है, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल है। हाथी अलग-अलग परिक्षेत्रों में घूम रहे हैं, जिसके चलते लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

बीते दिनों इन हाथियों की मौजूदगी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर यातायात बाधित हुआ था। गुरुवार को हाथियों के झुंड के कारण जाम की स्थिति बनी, वहीं शुक्रवार को सिलसिला के जंगल में दो हाथियों ने डेरा जमाया। बाद में ये हाथी असकला के टानागढ़ जंगल पहुंच गए, जहां गढ़चिरौली से आया एक और हाथी भी उनके साथ जुड़ गया। अब टानागढ़ जंगल में तीन हाथियों का यह छोटा समूह मौजूद है, जबकि बाकी हाथी अन्य क्षेत्रों में विचरण कर रहे हैं।

वन विभाग की टीम लगातार इन हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीण इलाकों में मुनादी कर लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि वे घरों से बाहर अनावश्यक न निकलें और फसलों के पास न जाएं। विभाग का कहना है कि सतर्कता बरतना ही वर्तमान में सबसे सुरक्षित उपाय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *