रायपुर नगर निगम ने इस वर्ष गणेश उत्सव के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने की पहल की है। हर साल गणेशोत्सव के समय मूर्तियों की सड़क किनारे बिक्री से जाम की समस्या सामने आती थी। इसी को देखते हुए इस बार जोन 5 और जोन 7 क्षेत्रों में सड़क किनारे मूर्ति विक्रय को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।
महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर एमआईसी मेंबर दीपक जायसवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में मूर्तिकार संघ के पदाधिकारी और कुम्हार समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी की सहमति से तय किया गया कि मूर्ति विक्रय के लिए एक नियंत्रित स्थल दिया जाएगा। अब लाखेनगर मैदान और ईदगाह भाठा क्षेत्र को मूर्ति विक्रय के लिए अधिकृत किया गया है।श्री गणेश मूर्तियों की बिक्री केवल इन्हीं स्थलों पर की जा सकेगी। यदि कोई मूर्तिकार सड़क किनारे मूर्तियां बेचते पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निगम की यह व्यवस्था न केवल ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाएगी, बल्कि खरीददारों के लिए सुविधा भी सुनिश्चित करेगी।
नगर निगम अब त्योहारों में व्यवस्था और सौंदर्य दोनों का ख्याल रखने की दिशा में अग्रसर है।