छत्तीसगढ़ में शहरी परिवहन को नया रूप देने वाली प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना की शुरुआत जल्द होने वाली है। इस योजना के अंतर्गत सबसे पहले भिलाई शहर से 50 मीडियम इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रारंभ होगा। नेहरू नगर स्थित बस स्थानक का निर्माण 75% पूर्ण हो चुका है और बाकी कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
ये ई-बसें रायपुर सहित अन्य शहरों के लिए चलेंगी, जिससे लंबे समय से उठ रही सिटी बस सेवा की मांग पूरी होगी। केंद्र सरकार की इस योजना में शहरों की आबादी के अनुसार बसों का आवंटन तय किया गया है, जिसके तहत रायपुर को 100, बिलासपुर को 50 और कोरबा को 40 ई-बसें स्वीकृत हुई हैं।
बसों की खरीद और संचालन के लिए एजेंसियों का चयन केंद्र सरकार करेगी। बसें जितना चलेंगी, उसी के अनुसार सब्सिडी दी जाएगी। साथ ही, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हर तीन माह में खर्च और प्रदर्शन की रिपोर्ट देना होगा। यह योजना न केवल परिवहन को सुलभ बनाएगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण कदम होगी।
जनसंपर्क अधिकारी तुलेश्वर साहू के अनुसार, भिलाई में पीएम ई-बस स्थानक का शेष कार्य जल्द पूरा कर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे छत्तीसगढ़ शहरी परिवहन में नई क्रांति की ओर अग्रसर होगा।