2 अगस्त को शिकागो शहर छत्तीसगढ़ी संस्कृति की खुशबू से महक उठा। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) ने तीसरे अंतर्राष्ट्रीय छत्तीसगढ़ी NRI सम्मेलन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में अमेरिका, कनाडा और अन्य देशों में बसे छत्तीसगढ़ी प्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य उद्देश्य था वैश्विक नेटवर्किंग और छत्तीसगढ़ी संस्कृति को अंतर्राष्ट्रीय मंच देना। मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने NRI समुदाय से छत्तीसगढ़ में निवेश और विकास में भागीदारी की अपील की। उन्होंने 18 एनआरआई बच्चों को शिक्षा और समाजसेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट उड़ान, छत्तीसकोश और NACHA की सदस्यता योजना भी प्रस्तुत की गई। कार्यकारी अध्यक्ष दीपाली सराओगी ने बताया कि यह आयोजन हर दो वर्ष में होता है।शशि साहू बनीं मिसेज छत्तीसगढ़ एनआरआई 2025, और नील जोसेफ बने मिस्टर छत्तीसगढ़ एनआरआई 2025। शाम के सत्र में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ‘छत्तीसगढ़ विजन 2047’ प्रस्तुत किया।
उन्होंने राज्य में जल्द एनआरआई कॉन्क्लेव आयोजित करने की घोषणा की। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों ने मंत्री से चर्चा कर सुझाव साझा किए।अंत में छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, संगीत, और अनुराग सिंह के गीतों से संध्या गूंज उठी। NACHA का यह सम्मेलन प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के लिए गौरव और उत्सव का मंच बना।