कोंडागांव जिले के नेशनल हाईवे-30 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्प बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. मोना सेन घायल हो गईं। यह हादसा उस समय हुआ जब वे एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने फरसागुड़ा जा रही थीं। हादसे में मोना सेन के साथ बाइक सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
यह दुर्घटना फरसगांव थाना क्षेत्र के मस्सू कोकोड़ा पेट्रोल पंप के पास हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और बाइक दोनों को काफी क्षति पहुंची, और तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल फरसगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनके इलाज में जुटी है।
डॉ. मोना सेन को राज्य सरकार द्वारा मंत्री दर्जा प्राप्त है। वे पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के पुत्र के निधन पर आयोजित शोक कार्यक्रम में भाग लेने जा रही थीं। लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नेता अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की हालत अब स्थिर है और खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।