छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में लगातार वन्यजीवों की उपस्थिति से ग्रामीणों की चिंता लगातार गहराती जा रही है। पहले तेंदुए की आमद ने उन्हें परेशान किया और अब जंगली हाथी ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
मानपुर के कोहका रेंज में बीती रात एक दंतैल हाथी महाराष्ट्र की सीमा पार कर आमाकोड़ो जंगल में प्रवेश कर गया।
जंगल की पगडंडी पर पाए गए पगचिन्ह और मल के आधार पर उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई है।
हाथी पर वन विभाग की निगरानी
डीएफओ डॉ. दिनेश पटेल ने जानकारी दी कि हाथी की गतिविधियों पर वन विभाग की टीमें लगातार नजर रखे हुए हैं।
क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान न हो सके। ग्रामीणों को बार-बार सचेत किया जा रहा है कि वे जंगल की ओर बिल्कुल भी न जाएं और हाथी के पास जाने की कोशिश न करें। क्योंकि हाथी किसी भी उत्तेजना पर हमला कर सकता है, जिससे जान का खतरा बढ़ जाता है।
लगातार दो रात, दो जानवर
12 जुलाई की रात आटरा गांव में एक तेंदुआ दिखाई दिया था, जो सुबह जंगल में लौट गया। इसके अगले दिन 13 जुलाई की रात दक्षिणी क्षेत्र मानपुर में हाथी दिखाई देने से फिर डर फैल गया। इस घटना के बाद वन विभाग पूरे क्षेत्र में सक्रिय हो गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और विभाग के निर्देशों का पालन करें।