हमने सच्चे राष्ट्र सेवक, संवेदनशील प्रशासक और एक महान व्यक्ति को खो दिया है – रमेन डेका
पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त को राजभवन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
रायपुर, 03 जुलाई 2025/ छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त के निधन पर आज राजभवन में उन्हें राजकीय श्रद्धांजलि दी गई। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि “हमने सच्चे राष्ट्रसेवक, संवेदनशील प्रशासक और एक महान व्यक्ति को खो दिया है।”
पूर्व राज्यपाल श्री शेखर दत्त के निधन पर राजभवन में शोक सभा का आयोजन हुआ। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। राजभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल डेका ने कहा, “यह अत्यंत दुखद क्षण है। शेखर दत्त जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सैन्य वीरता और जनकल्याण के आदर्शों से भरा हुआ था। वह केवल उच्चपदस्थ अधिकारी ही नहीं, बल्कि वीर सैनिक और मानवीय सेवाओं के प्रतीक थे।” उन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध में भी भाग लिया था, जिस पर प्रदेश को गर्व है।
शेखर दत्त जी भारतीय सेना से भारतीय प्रशासनिक सेवा में आए। रक्षा सचिव रहते हुए उन्होंने रक्षा मंत्रालय की नीतियों को नई दिशा दी। बाद में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में उन्होंने जनजातीय समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए।
राज्यपाल डेका ने कहा कि उनका जीवन संदेश देता है कि चाहे सैनिक हों, प्रशासक हों या नागरिक – देशसेवा का जज्बा ही किसी को महान बनाता है।
राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना ने श्री शेखर दत्त के जीवनवृत्त और कार्यों का संक्षिप्त स्मरण किया। इस अवसर पर राज्यपाल के विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय, उप सचिव हिना अनिमेष नेताम सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।