दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर नक्सलियों ने शिक्षादूत समेत दो ग्रामीणों की हत्या कर शव गांव के पास फेंके, इलाके में दहशत।
दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर माओवादियों ने दो ग्रामीणों की निर्मम हत्या कर दी। मृतकों में एक शिक्षादूत भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार रात दोनों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर मौत की सजा दी गई।
गला घोंटकर की हत्या, शव गांव के पास फेंके
मामला बारसूर थाना क्षेत्र के भैरमगढ़ ब्लॉक के तोड़मा गांव का है। पंचायत चुनाव से ठीक एक दिन पहले नक्सलियों ने शिक्षादूत बामन कश्यप और ग्रामीण अनीश राम को घर से बाहर निकाला। फिर जंगल की ओर ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव गांव के पास फेंक दिए।
नक्सलियों का आतंक, दहशत में ग्रामीण
इस वारदात के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल है। नक्सलियों की पूर्वी बस्तर डिवीजन कमेटी ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर रवाना हो गई।