राज्यपाल रमेन डेका: जनजातीय विकास में रोटरी क्लब से सहयोग की अपेक्षा

रमेन डेका

राज्यपाल रमेन डेका से लोक भवन में रोटरी क्लब ग्रेटर रायपुर के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समाज हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए रोटरी क्लब के कार्यों की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि रोटरी क्लब सेवा भावना के साथ कार्य करने वाला संगठित मंच है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण और सामाजिक विकास के लिए सभी संस्थाओं और नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा।

पर्यावरण संरक्षण को बताया समय की जरूरत

बैठक में रमेन डेका ने पर्यावरण संरक्षण को सबसे महत्वपूर्ण विषयों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि शहरों में पेड़ों के चारों ओर बनाए गए कंक्रीट और टाइल्स के घेरे उनकी जड़ों तक पानी और हवा पहुंचने में बाधा बन रहे हैं। राज्यपाल ने रोटेरियनों से ऐसे घेरों को हटाने और पेड़ों के संरक्षण के लिए अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरित वातावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की नींव है।

जल संरक्षण और ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता पर दिया जोर

रमेन डेका ने कहा कि यदि अभी से जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो भविष्य में राज्य को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने रोटरी क्लब से जल संरक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। साथ ही महिलाओं में बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए भी विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता बताई और कहा कि सामाजिक संगठनों का सहयोग इस दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है।

विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास की अपील

राज्यपाल रमेन डेका ने विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन समुदायों की संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने रोटरी क्लब से जनजातीय बहुल गांवों को गोद लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में कार्य करने का आग्रह किया। इससे इन समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।

अनसुने नायकों को पहचान दिलाने की जरूरत

रमेन डेका ने कहा कि समाज में कई ऐसे लोग हैं जो बिना किसी प्रचार-प्रसार के उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। ऐसे अनसंग हीरो और हीरोइनों को पहचान दिलाने और सम्मानित करने में रोटरी क्लब महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में देने की भावना को बढ़ावा देने से न केवल व्यक्तिगत संतोष मिलता है बल्कि सामाजिक विकास भी सुनिश्चित होता है।

यह भी पढ़ें:
गिरफ्तारी प्रक्रिया नियम पर सरकार मांगेगी एजेंसियों से सुझाव
मां मातंगी धाम में मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक, कोर्ट ने बढ़ाया अंतरिम संरक्षण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *