छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। दुरपा रोड पर शराब के नशे में एक व्यक्ति ने चलती मालगाड़ी के सामने छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 52 वर्षीय महादेवा दास के रूप में हुई है, जो जीटीपी कंपनी में कार्यरत था। वह पिछले कुछ समय से अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था और मानसिक तनाव में था। सोमवार को वह नशे की हालत में रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और मालगाड़ी को देखकर अचानक उसके सामने कूद गया।मालगाड़ी के चालक ने उसे ट्रैक पर देख हार्न बजाया, लेकिन महादेवा ने अनसुना करते हुए आत्मघाती कदम उठा लिया। ट्रेन की टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई
मौके पर पहुँची पुलिस और आरपीएफ की टीम
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतक के बेटे सागर दास ने पुलिस को बताया कि उनके पिता पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे, लेकिन समय रहते उन्हें बचा लिया गया था। हाल ही में तबीयत खराब होने के कारण वे काम पर भी नहीं जा रहे थे और घर में ही शराब पीते रहते थे। परिवार द्वारा समझाने के बाद भी उनकी आदत में कोई सुधार नहीं आया