छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार देर शाम नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे मंगलवार को नरेंद्र मोदी और अमित शाह से मुलाकात करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री बस्तर क्षेत्र के विकास को लेकर राज्य सरकार की योजनाओं का विस्तृत प्रजेंटेशन प्रस्तुत करेंगे। यह प्रस्तुति विशेष रूप से नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर केंद्रित होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रस्थान से पहले जानकारी दी कि यह एक औपचारिक सौजन्य भेंट है, जिसमें वे प्रदेश की वर्तमान गतिविधियों और विकास कार्यों से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराएंगे। वे सोमवार देर रात नई दिल्ली पहुंचे और 7 अप्रैल को सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसी दिन केंद्रीय गृहमंत्री से भी उनकी भेंट निर्धारित है।
सरकार के अनुसार बस्तर क्षेत्र में नक्सल प्रभाव में कमी आई है और कई गांवों में पुनर्वास की प्रक्रिया तेज हुई है। करीब 400 से अधिक गांवों में अब पुनः बसावट हो चुकी है, जहां सड़क, बिजली और राशन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
आगामी प्रस्तुति में बस्तर क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने, उद्योगों के विस्तार, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़े प्रस्ताव शामिल किए जाएंगे।