मुंबई महानगरपालिका (BMC) मेयर चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी ने रितु तावड़े को महायुति की ओर से मुंबई मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि शिंदे गुट की शिवसेना ने संजय शंकर घाड़ी को डिप्टी मेयर पद के लिए मैदान में उतारा है।
मुंबई मेयर का पद इस बार खुली श्रेणी में महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि मुंबई को एक बार फिर महिला महापौर मिलेगी। खास बात यह है कि मुंबई के इतिहास में पहली बार भाजपा का मेयर बनने जा रहा है। भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने रितु तावड़े के नाम की आधिकारिक घोषणा की।
रितु तावड़े का राजनीतिक सफर
रितु तावड़े घाटकोपर क्षेत्र से तीन बार पार्षद रह चुकी हैं और शिक्षा समिति की पूर्व अध्यक्ष भी रही हैं। संगठन और प्रशासनिक अनुभव के चलते उन्हें मेयर पद के लिए मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है।
वहीं डिप्टी मेयर पद के लिए नामित संजय शंकर घाड़ी, मुंबई के वार्ड नंबर 5 (मागाथाने) से पार्षद हैं और शिंदे गुट में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
महायुति की जीत लगभग तय
बीएमसी में बहुमत के आंकड़ों को देखते हुए महायुति गठबंधन के मेयर और डिप्टी मेयर उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिवसेना (UBT) और कांग्रेस भी अपने उम्मीदवार उतार सकती हैं, जिससे चुनावी माहौल और दिलचस्प हो सकता है।
11 फरवरी को होगा चुनाव
मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 7 फरवरी है। इसके बाद 11 फरवरी को मेयर का चुनाव संपन्न होगा। चुनाव के दौरान सभी पार्षदों की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा।