छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क विकास को नई दिशा मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले में 5 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए करीब 16 करोड़ 30 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
मंजूर की गई परियोजनाओं के तहत तिरसोठ से सत्तिपारा आंगनबाड़ी भवन होते हुए बटूराबहार गांधी चौक तक सड़क निर्माण के लिए 2.27 करोड़ रुपये, बेल्डेगी के नवापारा से चंद्रपुर मार्ग के लिए 2.98 करोड़ रुपये, एनएच-43 से छुरीपहरी चौराअम्मा मार्ग के लिए 2.48 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा खुटगांव से घोघरजोर पहुंच मार्ग के लिए 4.52 करोड़ रुपये और दूदूगजोर से पालीडीह तक सड़क निर्माण के लिए 4.05 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इन सभी परियोजनाओं से दूरस्थ गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ा जाएगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का मानना है कि इन सड़कों के बनने से क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी और आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जशपुर जिले में सड़क निर्माण के लिए अब तक 1000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। इससे क्षेत्र के दूर-दराज के गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने का कार्य तेजी से जारी है और आने वाले समय में इसका व्यापक असर देखने को मिलेगा।