राज्यपाल रमेन डेका से रेडियो संगवारी टीम की मुलाकात

रायपुर, 31 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से कार्यरत रेडियो संगवारी टीम ने आज लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान टीम ने अपने मिशन, उद्देश्यों और आगामी योजनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया। रेडियो संगवारी के संस्थापक राहुल शर्मा ने बताया कि उनकी टीम प्रदेश की लोक परंपराओं, गीत-संगीत और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक माध्यमों के जरिए युवाओं तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर रही है।

राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर बेहद समृद्ध और विविधतापूर्ण है, जिसे संरक्षित और प्रचारित करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल संस्कृति को जीवित रखते हैं, बल्कि समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य भी करते हैं।

राज्यपाल ने रेडियो संगवारी टीम को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

इस अवसर पर टीम के सदस्य डॉ. हेमंत सिरमौर, श्रीया सिरमौर, शिवनंदन सरोज और तिलका साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *