रायपुर/चंदखुरी। विष्णु देव साय ने चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में आयोजित उप निरीक्षक संवर्ग के दीक्षांत (पासिंग आउट परेड) समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 859 प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं।
इस बैच में कुल 54 सूबेदार, 528 उप निरीक्षक (जीडी), 68 एसबी उप निरीक्षक, 205 प्लाटून कमांडर सहित अन्य संवर्ग के अधिकारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को न केवल प्रशिक्षुओं, बल्कि उनके परिवारों और पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर प्रशिक्षुओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से वे राष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सेवा के लिए नई जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद अब इन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ है, जो उन्हें एक सक्षम पुलिस अधिकारी बनाएगा।
उन्होंने पुलिस सेवा को अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी की पहचान उसकी सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा से होती है। जब कोई नागरिक संकट में होता है, तो उसकी पहली उम्मीद पुलिस होती है, इसलिए जनता का विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और भरोसे की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति में ईमानदारी, समर्पण और मानवता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
उन्होंने इस अवसर को ‘निष्क्रमण’ का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण से वास्तविक सेवा क्षेत्र में प्रवेश का पहला कदम है। अब इन अधिकारियों को मैदान में उतरकर अपनी जिम्मेदारियों को निभाना होगा।
राज्य में पुलिस व्यवस्था में हो रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है, आधुनिक तकनीक को शामिल किया गया है और साइबर अपराध से निपटने के लिए विशेष इकाइयां स्थापित की गई हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य की पुलिस तकनीक-सक्षम, संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभाने वाली होगी।
मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के लागू होने का जिक्र करते हुए कहा कि यह पहला बैच है जिसने इन आधुनिक कानूनों के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये अधिकारी न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर विजय शर्मा ने भी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि यह नई टीम राज्य की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करेगी और जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ाएगी।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षुओं के परिजन उपस्थित रहे।