मैडॉक के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की अगली बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। अनीत पड्डा के लीड रोल वाली इस फिल्म में अब दमदार अभिनेता विनीत कुमार सिंह की एंट्री हो गई है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, विनीत कुमार सिंह इस फिल्म में निगेटिव किरदार निभाते नजर आएंगे। उनके इस रोल को कहानी का अहम हिस्सा बताया जा रहा है, जो फिल्म में नया ट्विस्ट और रोमांच जोड़ने वाला है। खास बात यह है कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट की शूटिंग भी शुरू कर दी है, जिससे यह साफ हो गया है कि फिल्म अब तेजी से आगे बढ़ रही है।
‘शक्ति शालिनी’, मैडॉक हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की छठी फिल्म है। इससे पहले ‘स्त्री’, ‘भेड़िया’, ‘मुंज्या’, ‘स्त्री 2’ और ‘थामा’ जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में इस नई फिल्म से भी काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
फिल्म का निर्देशन आदित्य सरपोतदार कर रहे हैं, जो अपनी यूनिक स्टोरीटेलिंग के लिए जाने जाते हैं। वहीं, इस प्रोजेक्ट में विशाल जेठवा और अनीत पड्डा एक बार फिर साथ नजर आएंगे, जिससे ‘सलाम वेंकी’ के बाद उनकी जोड़ी को दोबारा देखने का मौका मिलेगा।
हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर मेकर्स ने अभी तक कोई बड़ा खुलासा नहीं किया है, लेकिन ‘थामा’ के क्लाइमेक्स में इसकी घोषणा के बाद से ही यह फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है।
विनीत कुमार सिंह की बात करें तो उन्होंने हाल ही में फिल्म ‘छावा’ में अपने किरदार से दर्शकों का दिल जीता था। इसके अलावा वे नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘हेलो बच्चों’ में भी नजर आए थे। अब ‘शक्ति शालिनी’ में उनका निगेटिव अवतार दर्शकों के लिए खास सरप्राइज साबित हो सकता है।