बस्तर क्षेत्र के लिए हवाई कनेक्टिविटी को लेकर महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। एलायंस एयर ने 31 मार्च से जगदलपुर-रायपुर सेक्टर पर फ्लाइट सेवा पुनः शुरू करने की घोषणा की है। समर शेड्यूल के तहत संचालित होने वाली यह सेवा हैदराबाद, जगदलपुर और रायपुर को आपस में जोड़ेगी।
इस रूट पर लंबे समय से हवाई सेवा बंद रहने के कारण यात्रियों को सड़क और रेल मार्ग पर निर्भर रहना पड़ रहा था। नई सेवा शुरू होने से यात्रा समय में कमी आएगी और क्षेत्रीय आवागमन अधिक सुगम होगा।
निर्धारित समय के अनुसार उड़ान हैदराबाद से सुबह 7:50 बजे रवाना होकर 9:10 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। इसके बाद 9:35 बजे प्रस्थान कर 10:30 बजे रायपुर पहुंचेगी। वापसी में फ्लाइट रायपुर से दोपहर 2:25 बजे उड़ान भरकर 3:20 बजे जगदलपुर और 5:05 बजे हैदराबाद पहुंचेगी।
इस सेवा के पुनः संचालन से बस्तर क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन और प्रशासनिक संपर्क को गति मिलने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही रायपुर के माध्यम से अन्य शहरों से भी संपर्क सुदृढ़ होगा।
हालांकि, दूसरी ओर जगदलपुर-जबलपुर-दिल्ली हवाई सेवा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।