रियलिटी शो द 50 का फिनाले खत्म होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। शो के विजेता बने शिव ठाकरे, जबकि रनरअप रहे फैसल शेख। हालांकि, जीत के बाद जहां फैसल ने खेल भावना दिखाते हुए शिव को बधाई दी, वहीं फैंस की राय इससे बिल्कुल अलग नजर आई।
फिनाले के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने रिजल्ट पर सवाल उठाए। बड़ी संख्या में लोग फैसल शेख के समर्थन में उतर आए और उन्हें ‘असली विजेता’ बताते नजर आए। कुछ यूजर्स का मानना है कि फैसल का गेम ज्यादा मजबूत और प्रभावशाली था।
वहीं, शिव ठाकरे के फैंस उनकी जीत का जश्न मना रहे हैं। गौरतलब है कि शिव पहले भी कई बड़े रियलिटी शोज़ में अपनी पहचान बना चुके हैं। वह ‘रोडीज राइजिंग’, ‘बिग बॉस मराठी सीजन 2’, ‘बिग बॉस 16’, ‘खतरों के खिलाड़ी 13’ और ‘झलक दिखला जा 11’ जैसे शो में नजर आ चुके हैं और ‘बिग बॉस मराठी 2’ के विजेता भी रह चुके हैं।
शो में शिव और फैसल के अलावा काका, रजत दलाल और कृष्णा श्रॉफ जैसे कंटेस्टेंट्स ने भी जबरदस्त मुकाबला दिया। कड़ी टक्कर के बीच आखिरकार शिव ठाकरे ने ट्रॉफी अपने नाम की और 50 लाख रुपये का इनाम जीता।
हालांकि, फिनाले के बाद जिस तरह सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है, उससे साफ है कि ‘द 50’ का यह सीजन सिर्फ जीत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि चर्चा और विवाद का भी बड़ा विषय बन गया है।