नव्या मलिक मामले में गृहमंत्री का हमला, बोले- भूपेश सरकार में गई विदेश

छत्तीसगढ़ में चर्चित नव्या मलिक ड्रग मामले को लेकर प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में आरोपी नव्या मलिक कई बार विदेश यात्रा पर गई, लेकिन उस समय उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे नव्या मलिक हो या कोई अन्य व्यक्ति, यदि वह नशे के अवैध कारोबार में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नव्या मलिक को वर्तमान सरकार के कार्यकाल में गिरफ्तार किया गया और अब वह न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रही है। उनके अनुसार, आरोपी को 30 अगस्त 2025 को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था।

गृहमंत्री ने यह भी बताया कि इस मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 200/25 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले में कई अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हुई है, जिनमें विश्नोई, दीप धनेरिया, मोनू, हर शाहूजा, अयाज परवेज और सोहेल खान शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार नव्या मलिक कांग्रेस शासनकाल के दौरान सात बार चीन की यात्रा कर चुकी थी। इसके अलावा वह 2022 में तुर्की और 2023 में थाईलैंड भी गई थी।

गृहमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ सरकार का अभियान लगातार जारी है और किसी भी अवैध नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *