महिला दिवस समारोह, राज्यपाल डेका संग महिलाओं ने खेली फूलों की होली

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और रंग पंचमी के अवसर पर रायपुर स्थित लोकभवन में महिला सम्मान समारोह एवं फूलों की होली कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका की मौजूदगी में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, उद्यमिता और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया। समारोह के दौरान महिलाओं ने फूलों की होली खेलकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और महिला दिवस का उत्सव मनाया।

राज्यपाल रमेन डेका ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति देश के विकास की धुरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के योगदान के बिना समग्र विकास की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को समान अवसर प्रदान करना और उन्हें सशक्त बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महिला हेल्पलाइन जैसी योजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना और किशोरी शक्ति योजना भी महिलाओं के उत्थान के लिए संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही जीएसटी से संबंधित एक ई-बुक का विमोचन भी किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से क्विज प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर लोकभवन के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *