महिला दिवस पर महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर के लाल बहादुर शास्त्री मिनी स्टेडियम में आयोजित वृहद महतारी वंदन सम्मेलन-2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की माताओं और बहनों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 69 लाख 48 हजार महिलाओं के खातों में 641 करोड़ 58 लाख रुपये अंतरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है और महिलाओं का आर्थिक व सामाजिक सशक्तिकरण ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सभी निर्णय महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से अब तक महिलाओं को कुल 16 हजार 237 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और सम्मान को बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी अभियान बन चुकी है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 10 मार्च 2024 को इस योजना का शुभारंभ किया गया था और उसी समय यह संकल्प लिया गया था कि प्रदेश की प्रत्येक पात्र महिला के खाते में हर महीने एक हजार रुपये की राशि निर्धारित तिथि पर पहुंचाई जाएगी। पिछले 25 महीनों से यह संकल्प लगातार पूरा किया जा रहा है और प्रत्येक लाभार्थी महिला को अब तक 25 हजार रुपये प्राप्त हो चुके हैं।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार बनने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री की गारंटी को लागू करने पर ध्यान दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 70 लाख महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *