जशपुर, 6 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कई यात्री घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घायलों को तत्काल और हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी तथा होली क्रॉस अस्पताल कुनकुरी में किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जशपुर के कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा और अन्य मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
डॉक्टरों के अनुसार गंभीर रूप से घायल तीन मरीजों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम राहत एवं उपचार कार्यों में लगातार जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएं।