रायगढ़ के मंगल कार्बन प्लांट में भीषण ब्लास्ट: मासूम समेत 8 मजदूर झुलसे

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया, जब खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में टायर गलाने के दौरान जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस दर्दनाक घटना में डेढ़ साल की मासूम बच्ची समेत आठ मजदूर झुलस गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगल कार्बन प्लांट में टायर गलाने की प्रक्रिया के दौरान मजदूर ब्लाडर को खोल रहे थे। इसी दौरान अत्यधिक प्रेशर के कारण ब्लाडर के दो नट अचानक खुल गए, जिससे तेज विस्फोट हुआ। ब्लास्ट के साथ ही आग भी फैल गई, जिससे आसपास काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में घायल हुए लोगों में डेढ़ साल की मासूम भूमि खडिया, इंद्रजीत, प्रिया सारथी, साहेबराम खडिया, कौशल कुमार, शिव खडिया, उदासीन खडिया और इंद्रवद शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल रायगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि खरसिया क्षेत्र के चोढ़ा के पास स्थित फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद आग लगने की घटना हुई, जिसमें कई लोग झुलसे हैं। उन्होंने बताया कि एक बच्चा भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उच्च उपचार के लिए रेफर किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। यह घटना एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *